नाहन : भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के सीनियर डिवीजनल मैनेजर (SDM) दिनेश शर्मा ने आज नाहन शाखा का दौरा कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निगम के विकास अधिकारियों (DO), सीएलआईए (CLIA) और एजेंटों के साथ एक विशेष बैठक आयोजित की, जिसमें भविष्य की कार्ययोजना और लक्ष्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए दिनेश शर्मा ने एजेंटों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने सफलता के ‘गुरु मंत्र’ साझा करते हुए कहा कि बेहतर योजना, ग्राहकों से निरंतर संपर्क और सकारात्मक सोच ही वह चाबी है, जिससे किसी भी कठिन लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि एलआईसी को केवल एक बीमा संस्था के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “निगम सुरक्षा कवर के माध्यम से समाज सेवा का पुनीत कार्य कर रहा है। देश के लाखों परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान कर उन्हें भविष्य के प्रति निश्चिंत बनाना हमारी प्राथमिकता है।”
दिनेश शर्मा ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में एलआईसी की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने आह्वान किया कि सभी अधिकारी और एजेंट मिलकर बेहतर प्रदर्शन करें, ताकि निगम नई ऊंचाइयों को छू सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान नाहन शाखा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित टंडन और सहायक शाखा प्रबंधक सहित कई गणमान्य कर्मचारी व अभिकर्ता उपस्थित रहे।