सिरमौर: अंडर-17 बास्केटबॉल स्टेट चैंपियनशिप के लिए 6 सितंबर को होंगे ट्रायल

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा 21वीं यूथ स्टेट बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय टीम के चयन हेतु ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है। एसोसिएशन के जिला महासचिव राकेश चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 6 सितंबर (रविवार) को प्रातः 10:00 बजे नाहन शहर के ऐतिहासिक चौगान मैदान स्थित बास्केटबॉल कोर्ट में अंडर-17 लड़के व लड़कियों के लिए जिला स्तरीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।

इस चयन प्रक्रिया में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनका जन्म 1 जनवरी 2010 को या उसके बाद हुआ हो। ट्रायल में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को अपना आयु प्रमाण पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है। ट्रायल के दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार शर्मा, चयन समिति के अध्यक्ष कंवर अभय सिंह, संयोजक गुरनाम सिंह, कोषाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, इकबाल कौर, सचिन, रोहित सैनी और संजीव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

एसोसिएशन के महासचिव राकेश चौहान ने बताया कि ट्रायल के माध्यम से चयनित खिलाड़ी 11 सितंबर से 13 सितंबर तक गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब में आयोजित होने वाली 21वीं यूथ स्टेट बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।