नाहन : उत्तराखंड के देहरादून में 14 से 27 जुलाई 2026 तक आयोजित इंडिया ओपन शूटिंग प्रतियोगिता में पुलिस शूटिंग क्लब धौलाकुआं के होनहार निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी धाक जमाई है। क्लब के दो उभरते शूटर देवांश चौहान और आराध्या राजपूत ने अपने-अपने वर्गों में बेहतरीन अंक हासिल कर आगामी नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर लिया है। इस उपलब्धि पर पुलिस शूटिंग क्लब धौलाकुआं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, प्रशिक्षकों और सभी सदस्यों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है।
प्रतियोगिता के दौरान पुरुषों की 25 मीटर .22 स्पोर्ट्स पिस्टल स्पर्धा में देवांश चौहान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 300 में से 277 अंक हासिल किए और सीधे नेशनल चैंपियनशिप का टिकट पक्का किया। वहीं, सब-युथ महिला वर्ग की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में आराध्या राजपूत ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 400 में से 339 अंक हासिल कर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जगह बनाई।

क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भागमल ठाकुर तथा उपाध्यक्ष एवं एचपीएस अधिकारी प्रवीण ठाकुर ने दोनों निशानेबाजों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और आगामी नेशनल चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और कोचों के समर्पण की सराहना की। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि ये युवा खिलाड़ी आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश और पुलिस शूटिंग क्लब धौलाकुआं का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन करेंगे।