सिरमौर के देव शर्मा का मास्टर नेशनल गेम्स में जलवा, गोल्ड और ब्रोंज पर जमाया कब्जा

नाहन : खंड विकास कार्यालय (BDO Office) संगड़ाह में सोशल ऑडिटर के पद पर कार्यरत देव शर्मा ने एक बार फिर खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश और जिला सिरमौर का नाम रोशन किया है। चंडीगढ़ में आयोजित ‘5वीं मास्टर नेशनल गेम्स 2026’ में देव प्रकाश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए हैं।

बीते कल आयोजित एथलेटिक्स स्पर्धाओं में देव शर्मा ने अपनी रफ्तार और तकनीक का परिचय देते हुए एक स्वर्ण पदक (Gold Medal) और एक कांस्य पदक (Bronze Medal) हासिल किया। एथलेटिक्स की दो अलग-अलग स्पर्धाओं में इन पदकों को जीतकर उन्होंने साबित कर दिया है कि उम्र और काम की व्यस्तता कभी खेल के प्रति जुनून को कम नहीं कर सकती।

यह पहली बार नहीं है जब देव शर्मा ने पदक जीते हों। इससे पहले भी वह 2017 में इंटर कॉलेज एथलेटिक्स में रजत पदक और 2017 में ही हमीरपुर मिनी ओलंपिक में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करते हुए रजत पदक जीत चुके हैं। अब मास्टर नेशनल गेम्स में पहली बार गोल्ड जीतकर उन्होंने अपनी सफलता में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

उनकी इस स्वर्णिम उपलब्धि पर जिला एथलीट महासंघ सिरमौर के उपाध्यक्ष रविंद्र पवार सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों और सोशल मीडिया पर शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी है। रविंद्र पवार ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देव शर्मा ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन कर हिमाचल का मान बढ़ाया है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।