सिरमौर के नारग स्कूल ने देश भर में पाया तीसरा स्थान, ₹1 लाख का मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला सिरमौर के लिए यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि पीएम श्री पं. दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग का चयन स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग 2025-26 के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर के सर्वश्रेष्ठ 191 विद्यालयों में हुआ है। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में नारग स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेणी में देश भर में तीसरा स्थान हासिल कर देवभूमि का नाम पूरे देश में चमकाया है।

शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में तथा एनसीईआरटी (NCERT) और राज्य परियोजना कार्यालय के सौजन्य से सत्र 2025-26 में पहली बार इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस महत्वाकांक्षी पहल में देश भर के लगभग 1,047,859 (10 लाख से अधिक) सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों ने भाग लिया था। विद्यालयों का मूल्यांकन बेहद कड़े मानकों के आधार पर तीन चरणों जिला स्तर, राज्य स्तर और अंत में राष्ट्रीय स्तर पर किया गया।

पूरे प्रदेश से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए कुल 11 स्कूलों का चयन हुआ है, जिसमें नारग स्कूल ने टॉप थ्री में जगह बनाई। हर्ष की बात यह भी है कि सिरमौर जिले से ही एक और स्कूल ‘राजकीय माध्यमिक विद्यालय धमून’ का चयन भी इस राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए हुआ है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य राष्ट्रीय सम्मान समारोह में स्कूल को ₹1 लाख की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। विद्यालय की इस अभूतपूर्व सफलता पर प्रधानाचार्य रोहित वर्मा ने समस्त स्कूल परिवार, विशेषकर स्वच्छता समिति, अध्यापकों, गैर-शिक्षक स्टाफ, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्कूल में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को रटने के बजाय शिक्षा का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। यहां स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि बच्चों की रोज़मर्रा की जीवन शैली बन चुकी है।

स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष नीरज पंवर एवं अन्य सदस्यों ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर स्कूल प्रशासन की पीठ थपथपाई है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय पुरस्कार से न केवल स्कूल बल्कि संपूर्ण नारग क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित हुआ है।

प्रधानाचार्य रोहित वर्मा ने इस बड़ी सफलता के लिए हिमाचल प्रदेश शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों, जिला प्रशासन, स्थानीय ग्रामवासियों और सभी सहयोगियों का विशेष आभार व्यक्त किया है। गौरतलब है कि ‘पीएम श्री’ नारग स्कूल इससे पहले भी शिक्षा, नवाचार, खेल और सामुदायिक सहभागिता के क्षेत्र में कई राज्य स्तरीय मुकाम हासिल कर चुका है, और अब राष्ट्रीय स्तर पर मिला यह पुरस्कार इसकी उत्कृष्ट कार्य संस्कृति पर मुहर लगाता है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।