सिरमौर: खेत में मिला ‘पड़ोसी देश’ के निशान वाला गुब्बारा; ग्रामीणों की बढ़ीं धड़कनें

नाहन : जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ की ग्राम पंचायत माटल-बखोग के बखोग गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों को खेतों में पाकिस्तान के निशान वाला एक संदिग्ध गुब्बारा पड़ा हुआ मिला। अंतरराष्ट्रीय तनाव के मौजूदा माहौल के बीच इस गुब्बारे पर ‘PIA’ लिखे होने से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता फैल गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्रामीण लोकेंद्र ठाकुर अपनी पत्नी के साथ खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर जमीन पर पड़े एक रंगीन गुब्बारे पर पड़ी। जब उन्होंने पास जाकर देखा, तो उस पर पड़ोसी देश पाकिस्तान से जुड़ी निशानियां और ‘PIA’ (Pakistan International Airlines) अंकित था। लोकेंद्र ने तुरंत इसकी सूचना अन्य ग्रामीणों को दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।

सीमा पार से जुड़ी वस्तु मिलने की गंभीरता को देखते हुए लोकेंद्र ठाकुर ने तुरंत राजगढ़ पुलिस और प्रशासन को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मामले की छानबीन शुरू की और ग्रामीणों को धैर्य बनाए रखने की सलाह दी।

इस पूरे मामले पर डीएसपी राजगढ़ विद्याचंद नेगी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जांच में यह कोई संदिग्ध या खतरनाक वस्तु नहीं पाई गई है। उन्होंने बताया कि “यह एक साधारण खिलौना गुब्बारा है, जिस पर किसी ने पाकिस्तानी ध्वज के रंग और PIA लिख दिया है। सुरक्षा की दृष्टि से इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं है। यह संभवतः हवा के साथ उड़कर यहाँ पहुँचा है।”

भले ही यह मामला केवल एक खिलौना गुब्बारा निकला, लेकिन प्रशासन ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भविष्य में भी यदि कोई संदिग्ध वस्तु या अज्ञात गतिविधि नजर आए, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।