सिरमौर पुलिस लाइन नाहन में आरक्षी भर्ती परीक्षा जारी: 752 पुरुष अभ्यर्थियों में से 238 ने पास किया टेस्ट

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : जिला सिरमौर की पुलिस लाइन नाहन में पुलिस विभाग द्वारा महिला एवं पुरुष आरक्षी (कॉन्स्टेबल) पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा और शारीरिक मापदंड परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। यह पूरी भर्ती प्रक्रिया पुलिस उप महानिरीक्षक एमएस. अंजुम आरा की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही है, जो 27 अक्टूबर से शुरू होकर 5 नवंबर तक चलेगी।

भर्ती प्रक्रिया के तहत 31 अक्टूबर से पुरुष अभ्यर्थियों की शारीरिक प्रवीणता और मापदंड परीक्षा ली जा रही है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा सिरमौर जिले के कुल 6,332 पुरुष अभ्यर्थियों को इस भर्ती में शामिल होने के लिए कॉल लेटर जारी किए गए हैं।

आज, कुल 1,100 पुरुष अभ्यर्थियों को शारीरिक परीक्षा के लिए बुलाया गया था। इनमें से 752 अभ्यर्थियों ने पुलिस लाइन नाहन पहुँचकर परीक्षा में भाग लिया। मैदान में हुई कड़ी शारीरिक प्रवीणता और मापदंड परीक्षा के बाद कुल 238 पुरुष अभ्यर्थी सफलता हासिल करने में कामयाब रहे, जबकि अनुपस्थित और असफल रहे अभ्यर्थियों की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की गई।

पुलिस प्रशासन द्वारा अभ्यर्थियों की सुविधा और परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मैदान में बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ-साथ कड़ी निगरानी के बीच दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद और शारीरिक नाप-तौल की प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।