नाहन : सिरमौर की अंडर-19 क्रिकेट टीम ने इतिहास रचते हुए जिला स्तरीय मल्टी डेज क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में सिरमौर ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए हमीरपुर को 158 रनों के विशाल अंतर से शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही सिरमौर ने ग्रुप स्टेज में हमीरपुर के हाथों मिली हार का हिसाब भी चुकता कर लिया।
मैच की शुरुआत में सिरमौर की टीम ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 232 रन बनाए। टीम की ओर से जपनीत सिंह ने अर्धशतकीय (52 रन) पारी खेली, जबकि कृष्ण जैन (43) और लीवन चौहान (38) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। लक्ष्य (23) और हार्दिक शर्मा (27) ने भी स्कोर को सम्मानजनक स्थिति तक पहुँचाया। हमीरपुर की ओर से अनिकेत ठाकुर और साहिल कुमार ने 3-3 विकेट झटके।

जवाब में हमीरपुर की पहली पारी सिरमौर के गेंदबाजों के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पूरी टीम मात्र 140 रनों पर सिमट गई। सिरमौर के स्टार गेंदबाज अयान पठानिया ने कातिलाना गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए, जबकि जपनीत सिंह ने 3 बल्लेबाजों को आउट किया। हमीरपुर के लिए अनिकेत ठाकुर (49) ही संघर्ष कर सके। पहली पारी के आधार पर सिरमौर को महत्वपूर्ण बढ़त हासिल हुई।
अपनी दूसरी पारी में सिरमौर ने 155 रन बनाए। इसमें उज्ज्वल चौहान (41), लीवन चौहान (41) और कृष्ण जैन (23) की पारियों ने हमीरपुर के सामने जीत के लिए एक मुश्किल लक्ष्य रखा। हमीरपुर की ओर से किशन कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए।
जीत के लिए मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी हमीरपुर की टीम दूसरी पारी में पूरी तरह फ्लॉप रही और महज 89 रनों पर ऑल आउट हो गई। एक बार फिर अयान पठानिया ने कहर बरपाते हुए 5 विकेट हासिल किए। हार्दिक शर्मा ने 3 और उज्ज्वल चौहान ने 1 विकेट लिया।
मैच के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सिरमौर की जीत के सबसे बड़े नायक अयान पठानिया रहे, जिन्हें उनके घातक स्पेल के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। अयान ने मैच की दोनों पारियों में अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 5-5 विकेट हासिल किए और मैच में कुल 10 विकेट चटकाकर हमीरपुर की कमर तोड़ दी। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में निरंतर बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले हमीरपुर के किशन कुमार को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया। किशन ने इस प्रतियोगिता में कुल 35 विकेट अपने नाम कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन सिरमौर के महासचिव राजेंद्र बब्बी ने टीम की इस ऐतिहासिक खिताबी जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों और स्टाफ की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि सिरमौर की इस गौरवशाली जीत का मुख्य श्रेय टीम के कुशल नेतृत्व और मैदान पर अपनाई गई सटीक रणनीति को जाता है। उन्होंने विशेष रूप से कप्तान आकाश चौधरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ भरी कप्तानी और कठिन परिस्थितियों में लिए गए सटीक निर्णयों ने पूरी टीम को एकजुट रखा, जिसका सुखद परिणाम आज इस ट्रॉफी के रूप में हमारे सामने है।
राजेंद्र बब्बी ने टीम के कोच आदित्य कटोच की भूमिका को भी बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि कोच आदित्य के कुशल मार्गदर्शन और कठोर प्रशिक्षण की बदौलत ही खिलाड़ियों की तकनीक में निखार आया। उन्होंने टीम की मानसिक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि यह कोच की मेहनत का ही नतीजा है कि सिरमौर की टीम ग्रुप स्टेज में हमीरपुर से मिली बड़ी हार के बावजूद न केवल संभली, बल्कि फाइनल में उसी प्रतिद्वंद्वी को हराकर चैंपियन बनकर उभरी। सचिव ने उम्मीद जताई कि सिरमौर के ये युवा खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।