नाहन : सिरमौर के औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब के तहत माजरा पुलिस थाना में जमीन के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मिसरवाला निवासी एक व्यक्ति ने समर नामक व्यक्ति पर करीब 2 करोड़ 30 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता आरिफ खान (पुत्र राशिद अली) ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि यह पूरा खेल एक सोची-समझी साजिश के तहत रचा गया। आरिफ के मुताबिक, ‘कासिम’ नाम के एक बिचौलिए ने उसका संपर्क आरोपी ‘समर’ से करवाया था। समर ने उसे एक जमीन का सौदा दिखाया और उसे खरीदने के लिए राजी कर लिया। झांसे में आकर आरिफ ने इस सौदे को पक्का मान लिया और समय-समय पर अलग-अलग माध्यमों से आरोपी को कुल 35 लाख रुपये की राशि बतौर एडवांस भी अदा कर दी।

धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब एडवांस रकम लेने के बाद भी आरोपी समर ने जमीन की रजिस्ट्री करवाने में आनाकानी शुरू कर दी। आरिफ ने जब अपने पैसे वापस मांगे या जमीन नाम करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने न तो रजिस्ट्री की और न ही रकम वापस लौटाई। पूरी डील के दौरान ठगी का आंकड़ा 2 करोड़ 30 लाख रुपये तक पहुँच गया, जिससे परेशान होकर पीड़ित ने कानून का दरवाजा खटखटाया।
शिकायत मिलते ही माजरा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बिचौलिए कासिम की भूमिका की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हैं।
एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर धोखाधड़ी की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य सबूतों को खंगाला जा रहा है और जल्द ही आरोपी को पूछताछ के लिए तलब किया जाएगा।