सिरमौर में 17 वर्षीय नाबालिग को ले जा रहे 5 बाहरी युवक ग्रामीणों ने दबोचे, POCSO एक्ट में मामला दर्ज

नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक लाइव वीडियो के अनुसार, स्थानीय लोगों ने एक विशेष समुदाय से संबंध रखने वाले पांच युवकों को 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर उत्तराखंड के हरबर्टपुर ले जाते हुए पकड़ा है। पकड़े गए सभी आरोपियों को स्थानीय जनता द्वारा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

वायरल वीडियो में दी गई जानकारी के अनुसार, ये पांचों युवक (जो कि अन्य राज्य और विशेष समुदाय से बताए जा रहे हैं) शिलाई के ही एक घर में मिस्त्री का काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जिस घर में यह कार्य चल रहा था, वहां केवल एक बुजुर्ग महिला (दादी) और उनकी 17 वर्षीय पोती रहती थी। आरोप है कि काम करने के दौरान इन युवकों ने नाबालिग को अपने झांसे में लिया और उसे अपने साथ शिलाई से हरबर्टपुर (उत्तराखंड) की तरफ ले जाने लगे।

युवकों की संदिग्ध गतिविधियों की भनक जैसे ही स्थानीय लोगों और ग्रामीणों को लगी, उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी युवकों को बीच रास्ते में ही धर दबोचा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, गुस्साए लोगों ने इन पांचों युवकों को बाजार में पैदल घुमाया और बाद में तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।

Hills Post Media से विशेष बातचीत में जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निशित सिंह नेगी ने मामले की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ POCSO (पॉक्सो) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और सभी को हिरासत में ले लिया है। एसपी ने बताया कि पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि ये पांचों युवक काफी समय से लगातार उसका पीछा (Stalking) कर रहे थे और उसे परेशान कर रहे थे। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू पर गहनता से आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।