नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में मौसम विभाग द्वारा 20 और 21 जुलाई को भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड और भूस्खलन को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है। आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला दंडाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर, प्रियंका वर्मा ने आगामी दो दिनों के लिए जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने के सख्त आदेश जारी किए हैं।
इस आदेश के अनुसार, जिला सिरमौर के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी व निजी स्कूल, कॉलेज, शैक्षणिक संस्थान, तकनीकी संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र 20 व 21 जुलाई को पूरी तरह बंद रहेंगे। विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ प्रशासन ने इन दो दिनों के लिए सभी शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ को भी ड्यूटी पर उपस्थित होने से छूट दी है। हालांकि, यदि संस्थान के प्रमुखों को आपातकालीन प्रबंधन या किसी अत्यंत जरूरी कार्य के लिए आवश्यकता होती है, तो वे आवश्यक प्रशासनिक कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुला सकते हैं।

इसके साथ ही, यदि इन दो दिनों के दौरान जिले के किसी भी सरकारी या निजी स्कूल, कॉलेज, तकनीकी संस्थान या विश्वविद्यालय में कोई भी परीक्षा तय थी, तो उसे तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। संबंधित शैक्षणिक संस्थान और बोर्ड इन स्थगित परीक्षाओं को बाद में री-शेड्यूल करेंगे और नई तारीखों की घोषणा अलग से की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी सरकारी और निजी संस्थानों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करना होगा, और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खराब मौसम के इस संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनहित में एक विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। आम जनता को सलाह दी गई है कि वे इन दो दिनों में किसी भी तरह की अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के किनारे और बाढ़ प्रभावित इलाकों की ओर रुख बिल्कुल न करें।