सिरमौर: राजगढ़ में दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दो मासूमों पर टूटा दुखों का पहाड़

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : उपमंडल राजगढ़ के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के मयोग गांव में एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहाँ एक किराए के कमरे में रह रहे 28 वर्षीय परमिल उर्फ अजू (पुत्र स्वर्गीय भाग सिंह, निवासी राजगढ़ ) और 33 वर्षीय ममता (पुत्री स्वर्गीय जगमोहन सिंह, निवासी राजगढ़) ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतक दंपति के दो छोटे बेटे हैं, जिनकी इस अचानक हुई दुर्घटना से माता-पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस बात की जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस दल तुरंत मौके पर पहुँचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद मामले की जाँच शुरू कर दी।

ग्राम पंचायत कोठिया जाजर की प्रधान ममता कुमारी ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मयोग गांव में एक दंपती ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने बताया कि उनके दो बच्चे भी हैं, जिनके सिर से माता-पिता का साया उठने के बाद पूरे परिवार और इलाके में मातम पसरा हुआ है।

घटना की पुष्टि करते हुए राजगढ़ के डीएसपी वी.सी. नेगी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई तेजी से अमल में लाई जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने इतना खौफनाक कदम किन परिस्थितियों के चलते उठाया। पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और तमाम कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।