सिरमौर: SMC शिक्षकों के लिए बड़ी खबर; नाहन में 28 मार्च से शुरू होगा दस्तावेजों का सत्यापन

नाहन: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित एलडीआर (LDR) परीक्षा में भाग लेने वाले एसएमसी (SMC) शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। जिला सिरमौर के शिक्षा विभाग ने टीजीटी (TGT) संस्कृत, हिंदी और ड्राइंग मास्टर के पदों हेतु दस्तावेज़ सत्यापन का कार्यक्रम घोषित कर दिया है । यह प्रक्रिया 28 और 30 मार्च को उप निदेशक, स्कूल शिक्षा (प्राथमिक) कार्यालय, नाहन में आयोजित की जाएगी ।

उप निदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि 22 फरवरी 2026 को आयोजित एलडीआर परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का मिलान जिला स्तरीय चयन समिति के समक्ष किया जाएगा । निर्धारित शेड्यूल के तहत टीजीटी संस्कृत और ड्राइंग मास्टर के अभ्यर्थियों को 28 मार्च को सुबह 10 बजे उपस्थित होना होगा । वहीं, टीजीटी हिंदी के पदों के लिए दस्तावेज़ों का सत्यापन 30 मार्च को सुबह 10 बजे से शुरू होगा ।

अभ्यर्थियों को मैट्रिक, जमा दो , स्नातक व स्नातकोत्तर की अंकतालिकाएं, बीएड और टेट (TET) प्रमाण पत्र के साथ-साथ एसएमसी नियुक्ति आदेश और अनुभव प्रमाण पत्र लाना होगा । इसके अलावा हिमाचली बोनाफाइड, चरित्र प्रमाण पत्र और एलडीआर परीक्षा का स्कोर कार्ड भी प्रस्तुत करना अनिवार्य है । SMC अनुभव प्रमाण पत्र DDSE द्वारा सत्यापित होना चाहिए और सभी दस्तावेज़ों की दो-दो सत्यापित प्रतियां साथ लाना आवश्यक है । आवश्यक दस्तावेज़ों के अभाव में किसी भी अभ्यर्थी को अपात्र घोषित किया जा सकता है ।

विभाग ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा है कि इस संबंध में किसी भी अभ्यर्थी को अलग से कोई व्यक्तिगत पत्र या सूचना नहीं भेजी जाएगी । यदि कोई अभ्यर्थी निर्धारित समय और तिथि पर अनुपस्थित रहता है या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने में विफल रहता है, तो उसे चयन प्रक्रिया से बाहर कर अपात्र मान लिया जाएगा । इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अभ्यर्थी की होगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।