सोलन: उत्तराखंड की बस में कंडाघाट का युवक 10 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ने नशा तस्करों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 10.01 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी उत्तराखंड परिवहन की बस में सवार होकर चंडीगढ़ से शिमला की तरफ जा रहा था।

पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि एक युवक बस के जरिए नशा लेकर आ रहा है। इस पर एसआईयू टीम सतर्क हो गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की। जब टीम ने चंडीगढ़ से शिमला जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस को रोककर तलाशी ली, तो उसमें बैठा एक युवक पुलिस को देखकर घबरा गया। शक होने पर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 10.01 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय दीपक, पुत्र भगत राम के रूप में हुई है। वह सोलन जिला की तहसील कंडाघाट के गांव दोलग का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना धर्मपुर में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस आरोपी दीपक को आज अदालत में पेश करेगी। पुलिस द्वारा पूछताछ की जा रही है कि वह यह नशा कहां से लाया था और शिमला या सोलन में किसे सप्लाई करने जा रहा था। साथ ही, पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि वह कब से इस धंधे में शामिल है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।