सोलन के गड़खल से चोरी हुआ ऑटो 400 फीट गहरी खाई में मिला, संदिग्ध CCTV में कैद

Photo of author

By Hills Post

सोलन: पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कसौली के गड़खल से चोरी हुए एक लोडिंग ऑटो को बरामद कर लिया है। हालांकि, यह वाहन जिस हालत में मिला है, उसे देखकर मालिक के भी होश उड़ गए। चोरों ने ऑटो को ले जाकर धर्मपुर के पास एक गहरी खाई में धकेल दिया था, जहां से पुलिस ने उसे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में निकाला है।

मामला 10 फरवरी की रात का है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि उसने अपना ऑटो कीमत करीब 93,000 रुपये गड़खल-धर्मपुर रोड पर बस स्टॉप के पास पार्क किया था। रात करीब 11 बजे के बाद कोई उसे वहां से चुरा ले गया। शिकायत मिलते ही कसौली पुलिस ने जांच शुरू की और इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू किए। फुटेज में दो अज्ञात लोग ऑटो को धर्मपुर की तरफ ले जाते हुए दिखाई दिए।

इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने धर्मपुर रोड पर तलाश शुरू की। मंगोटी मोड़ के पास सड़क किनारे पुलिस को रगड़ के कुछ संदिग्ध निशान दिखे। जब टीम ने नीचे जंगल की तरफ छानबीन की, तो सड़क से करीब 400 फीट नीचे ऑटो बुरी तरह टूटी-फूटी हालत में पड़ा मिला।

पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस उन दो संदिग्धों की तलाश कर रही है जो सीसीटीवी फुटेज में नजर आए थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।