सोलन के धर्मपुर कॉलेज में उत्साह के साथ मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर, सोलन में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का आयोजन अत्यधिक उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के खेल क्लब द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल ने शिरकत की।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि एवं जागरूकता बढ़ाना, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाना तथा अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और खेल भावना जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों को विकसित करना था। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वॉलीबॉल, शतरंज, कैरम, लेमन रेस, रस्साकशी और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

प्रतियोगिताओं के परिणामों के तहत कैरम के महिला वर्ग में तनिशा और यामिनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गरिमा और निहारिका उपविजेता रहीं। शतरंज प्रतियोगिता में कार्तिक और काजल विजेता बने। वॉलीबॉल में चिराग एवं उनकी टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि मयंक एवं उनकी टीम उपविजेता रही। लेमन रेस में मीनाक्षी ने प्रथम, आरुषि ने द्वितीय और कोमल ने तृतीय स्थान हासिल किया। रस्साकशी के महिला वर्ग में अंजलि एवं उनकी टीम विजेता तथा दीवांशी एवं उनकी टीम उपविजेता रही, वहीं पुरुष वर्ग में अजय एवं उनकी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चिराग एवं उनकी टीम उपविजेता रही।

मुख्य अतिथि प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खेलों को स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बताया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. सतीश नेगी, डॉ. राम लाल भारद्वाज, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. पंकज चंडक, प्रोफेसर हिमांशी गर्ग, प्रोफेसर अक्षी प्रियदर्शिनी, श्रीमती पूनम शर्मा, विक्रांत ठाकुर और हेम राज ठाकुर सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन सचिव डॉ. पी.डी. कौशल रहे, जबकि इसका सफल समन्वय महाविद्यालय के खेल प्रभारी डॉ. जगदेव चंद शर्मा द्वारा किया गया।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ हुआ।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।