सोलन के शामती बाईपास पर ऑटो चालक पर चाकू से हमला और लूट, यूनियन ने जताई चिंता

Photo of author

By Hills Post

सोलन: शांत माने जाने वाले सोलन शहर में शुक्रवार रात असामाजिक तत्वों का आतंक देखने को मिला। शामती बाईपास रोड पर दुर्गा पब्लिक स्कूल के पास नशे में धुत तीन बदमाशों ने एक ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न सिर्फ चालक को तेजधार हथियारों से लहूलुहान कर दिया, बल्कि उसकी दिन भर की मेहनत की कमाई भी लूटकर फरार हो गए।

ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने बताया कि पीड़ित चालक का नाम आशु है, जो डिग्री कॉलेज सोलन के पास रहता है। वह शुक्रवार रात एक सवारी को छोड़कर अपने ऑटो से वापस सपरून की तरफ आ रहा था। तभी दुर्गा पब्लिक स्कूल के पास सुनसान इलाके में तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। ये युवक नशे की हालत में थे। मामूली कहासुनी के बाद उन्होंने आशु पर चाकू (तेजधार हथियार) से वार कर दिया।

हमले में आशु की बाजू बुरी तरह कट गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जख्म गहरा होने के कारण 9 टांके लगाने पड़े। हमलावरों ने उसकी जेब से दिन भर की कमाई (कैश) भी निकाल ली और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।

इस घटना के बाद शहर के ऑटो चालकों में भारी गुस्सा और डर का माहौल है। यूनियन प्रधान धर्मपाल ठाकुर ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि रात के समय ऑटो चलाना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। उन्होंने कहा कि शहर में नशा बढ़ रहा है और आए दिन ऑटो से सामान चोरी और लूटपाट की घटनाएं हो रही हैं। यूनियन ने मांग की है कि शामती बाईपास जैसे संवेदनशील इलाकों में पुलिस की रात्रि गश्त तुरंत बढ़ाई जाए।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके का मुआयना किया और मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दुर्गा पब्लिक स्कूल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।