सोलन: सदर थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों और भगोड़े अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय संतोष कुमार उर्फ रिंकू निवासी कुपवी, जिला शिमला के रूप में हुई है, जो वर्तमान में सोलन के डमरोग गांव में रह रहा था।

पुलिस ने गुप्त सूचना और लगातार निगरानी के बाद आरोपी को 3 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया। उसे आज (4 फरवरी) माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। यह गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है क्योंकि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था।
मामले की पृष्ठभूमि 20 अगस्त 2019 की है, जब सोलन पुलिस ने संतोष कुमार को 18.82 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ रंगे हाथों पकड़ा था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया था। जमानत पर रिहा होने के बाद आरोपी ने कोर्ट में पेश होना बंद कर दिया था, जिसके चलते न्यायालय ने उसे 3 मार्च 2025 को भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि संतोष एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी सोलन सदर थाने में चोरी के दो मामले दर्ज हैं, जिनमें उसने करीब 4.30 लाख रुपये की कीमत की दो कारें चोरी की थीं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।