सोलन: जिला सोलन पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध छेड़ी गई ‘जीरो टॉलरेंस’ मुहिम के तहत पिछले एक सप्ताह में नशा तस्करों की कमर तोड़ दी गई है। पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) और विभिन्न थानों की टीमों ने पिछले सात दिनों में 06 अलग-अलग मामले दर्ज कर हिमाचल और बाहरी राज्यों के 10 चिट्टा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है। पुलिस ने इस दौरान कुल 38.63 ग्राम चिट्टा और 3.25 ग्राम मेथामफेटामाइन जैसे घातक मादक पदार्थ बरामद किए हैं।

पुलिस की सबसे बड़ी कामयाबी परवाणू क्षेत्र में रही, जहाँ SIU टीम ने गुप्त सूचना पर नाकाबंदी कर हरियाणा के नारायणगढ़ निवासी दो तस्करों को दबोचा। ये आरोपी एक ब्रेजा कार में 11.45 ग्राम हेरोइन और 3.56 ग्राम मेथामफेटामाइन लेकर परवाणू के एक निजी होटल में चल रही पार्टी में सप्लाई देने जा रहे थे। पुलिस ने वाहन समेत आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।
पुलिस द्वारा दर्ज मामलों में शिमला जिले के युवाओं की संलिप्तता भी सामने आई है। धर्मपुर में रामपुर निवासी 28 वर्षीय युवक से 6.65 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। परवाणू में शिमला के जुब्बल, हाटकोटी और सैंज के तीन युवकों को आल्टो कार में 9.52 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा गया। परवाणू में ही एक अन्य मामले में रामपुर के ही एक 21 वर्षीय युवक से रैन शेल्टर के पास 7.18 ग्राम हेरोइन बरामद किया गया।
दाड़लाघाट पुलिस ने भी नशे के खिलाफ अंबुजा कोल यार्ड से एक ट्राला ट्रक में बैठे बिलासपुर निवासी चालक और परिचालक को 1.26 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है । सुरईला गांव में SIU टीम ने दबिश देकर दाड़लाघाट के ही एक 28 वर्षीय स्थानीय युवक से 2.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इन दोनों मामलों में आरोपियों को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस देकर पाबंद किया गया है।
जिला सोलन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वे नशे के सप्लाई साइड और डिमांड साइड दोनों पर काम कर रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उनके मुख्य सप्लायरों तक पहुँचा जा सके। सभी 10 आरोपियों के पिछले आपराधिक रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पेशेवर अपराधी हैं या नए खिलाड़ी।
पुलिस प्रशासन ने सोलन वासियों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या नशे की बिक्री दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपकी सूचना नशा मुक्त सोलन की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकती है।