सोलन पुलिस ने शूलिनी मेले के लिए जारी किया ट्रैफिक प्लान, कई रास्तों पर गाड़ियों की एंट्री बंद

Photo of author

By Hills Post

सोलन: राष्ट्रीय स्तरीय मां शूलिनी मेला 2026 के दौरान श्रद्धालुओं और आम जनता की सुरक्षा व सुविधा को ध्यान में रखते हुए सोलन पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। मेले के दौरान शहर में ट्रेफिक व्यवस्था सुचारू रूप से चलाने के लिए 26 जून से 28 जून 2026 तक विशेष यातायात प्लान लागू किया गया है।

मॉल रोड और मुख्य चौकों पर रहेगा सख्त पहरा

मेले के तीनों दिन रोजाना सुबह 8:00 बजे से रात 12:00 बजे तक सोलन शहर के मॉल रोड पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस दौरान सिर्फ आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की छूट मिलेगी। इसी तरह पुराना उपायुक्त चौक से जेडएच (ZH) चौक तक भी सामान्य गाड़ियों की एंट्री नहीं होगी। इस मार्ग से केवल वीआईपी गाड़ियां, आमंत्रित कलाकार और आपातकालीन सेवाएं ही गुजर सकेंगी।

सुरक्षा के लिहाज से सपरून चौक (पुल के पास) पर विशेष नाकाबंदी की जाएगी। सुबह 8:00 से रात 12:00 बजे के बीच आपातकालीन और विशेष छूट प्राप्त वाहनों के अलावा किसी भी गाड़ी को पुराने उपायुक्त कार्यालय की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इसके अलावा, माल रोड, पुराना बस स्टैंड से अपर बाजार (वाया चौक बाजार) और पुराना उपायुक्त कार्यालय से कोटला नाला तक हाथ से चलने वाले ठेलों और रेहड़ियों पर भी पूरी तरह रोक रहेगी।

बाहर से आने वाली बसों और गाड़ियों के लिए रूट तय

चम्बाघाट की तरफ से आने वाली बसें और निजी गाड़ियां होटल द क्लिफ (कांगड़ा मैत्री सभा के पास) पर यात्रियों को उतारेंगी, जिसके बाद उन्हें पार्किंग के लिए बाईपास की तरफ भेज दिया जाएगा। शिमला से चण्डीगढ़ आने-जाने वाले सभी वाहनों को भी बाईपास मार्ग से ही गुजारा जाएगा।

सिरमौर से आने वाली बसों और गाड़ियों के लिए कोटला नाला बस स्टैंड पर यात्रियों को उतारने की व्यवस्था की गई है, जिसके बाद ये वाहन शामती बाईपास मार्ग पर पार्क होंगे। राजगढ़ रोड पर देवभूमि अपार्टमेंट के पास नाका लगाया जाएगा, जहां से राजगढ़ (सिरमौर) से चंडीगढ़ और शिमला जाने वाले भारी व हल्के वाहनों को शामती न्यू बाईपास की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। जेडएच (ZH) चौक से शामती मार्ग पर सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने पर पूरी तरह पाबंदी रहेगी।

ठोडो ग्राउंड और वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था

मुख्य आयोजन स्थल ठोडो ग्राउंड में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। यहां केवल अधिकृत और आपातकालीन वाहनों को ही एंट्री मिलेगी, जिसे भीड़ की स्थिति देखकर नियंत्रित किया जाएगा। विशेष स्वीकृत वाहनों के लिए नगर परिषद पार्किंग में बोर्डिंग और डिबोर्डिंग की सुविधा रहेगी।

सोलन पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत नजदीकी पुलिस अधिकारी या कंट्रोल रूम के नंबर 01792-223836 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि शूलिनी महोत्सव सोलन की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे सुरक्षित ढंग से मनाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।