सोलन: शहर के शामती और जटोली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी को पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर धर दबोचा है। शामती निवासी विजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जटोली-कोठों रोड पर उनके प्लॉट कटिंग का काम चल रहा है। 3 मार्च की शाम जब वह कार्यस्थल पर पहुंचे, तो वहां रखी कटिंग मशीन का कीमती ब्रेकर (सील सहित) गायब था। इसके अलावा मौके से लोहे की पानी की पाइपों के करीब सात टुकड़े भी चोरी हो चुके थे।

तफ्तीश के दौरान पास में ही रहने वाली एक महिला ने भी शिकायत दी कि उनके घर से भी सरियों के दो बंडल चोरी हुए हैं। जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो उसमें तीन संदिग्ध व्यक्ति सरिया ले जाते हुए साफ दिखाई दिए।
शिकायत मिलते ही सदर थाना सोलन की टीम ने मामले की जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले में संलिप्त एक मुख्य आरोपी को आज तड़के सुबह गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान मुश्ताक मोहम्मद उर्फ सोनू खान पुत्र श्री रशीद मोहम्मद निवासी गांव चमरोग, ओच्छघाट, सोलन उम्र: 40 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि चोरी हुए सामान की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जा रहा है। साथ ही पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या आरोपी का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। मामले की छानबीन अभी जारी है।