सोलन: राष्ट्रीय कार्य योजना वरिष्ठ नागरिक (NAPSrC) के तहत जिला कल्याण विभाग सोलन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए एक अनूठे जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बुजुर्गों को आधुनिक युग की चुनौतियों के लिए तैयार करना और उन्हें शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के गुर सिखाना था।

जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा ने बताया कि वरटेक्स एजुकेशनल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित इस सत्र में 80 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। सोसाइटी के प्रमुख सुभाष अत्रि ने प्रोजेक्टर के माध्यम से बुजुर्गों को ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल वित्तीय प्रबंधन और सबसे महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि डिजिटल युग में सुरक्षित रहते हुए कैसे वे धोखेधड़ी से बच सकते हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे अपने मोबाइल से उठा सकते हैं।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ सुनील चंद्र जोशी ने वरिष्ठ नागरिकों को उम्र के इस पड़ाव पर फिट रहने के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक सतर्कता बनाए रखने के लिए हल्के व्यायाम और योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया। साथ ही तनाव मुक्त जीवन जीने और मानसिक सक्रियता बढ़ाने के टिप्स साझा किए।
कार्यशाला में उपस्थित गणेश दत्त रामी, राम अवतार तिवारी, लीलाधर शर्मा, एम.एन. शमी, ईश्वर दत्त रामी, रविता शर्मा, संध्या कौशिश और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बुजुर्गों में आत्मविश्वास जागता है और वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
इस विशेष अवसर पर सोलन के वरिष्ठ नागरिक प्रो. टी.डी. वर्मा, डॉ. बी.एस. पंवार सहित कल्याण विभाग से ओम प्रकाश, राकेश, रेणु और रोहन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।