सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में सदर पुलिस थाना की टीम ने चोरी के एक मामले को तत्परता से सुलझाते हुए दो आरोपियों को हरियाणा के पिंजौर से गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने सड़क किनारे रखे लगभग 60 हजार रुपये की कीमत के लोहे के चैनल चोरी किए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी का पूरा सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शामती निवासी और पेशे से ठेकेदार नरेश कुमार ने 24 फरवरी 2026 को सदर थाना सोलन में अपनी शिकायत दर्ज करवाई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि 14 फरवरी को ओच्छघाट में काम खत्म करने के बाद वह अपनी मिक्सर मशीन और छह लोहे के चैनल लेकर अपने घर धरांजटी लौट रहे थे। इसी बीच मझगांव के पास उनकी गाड़ी अचानक खराब हो गई, जिसके चलते उन्होंने मजबूरी में मशीन और चैनल सड़क किनारे उतार दिए और गाड़ी ठीक करवाने बाईपास सोलन चले गए। 16 फरवरी तक सारा सामान वहीं सुरक्षित रखा था, लेकिन 17 फरवरी को जब वह अपना काम देखने ओच्छघाट की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने पाया कि मिक्सर मशीन में रखे छह लोहे के चैनल किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिए हैं।
मामला दर्ज होने के तुरंत बाद सदर पुलिस थाना की टीम ने जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहनता से विश्लेषण किया। इस तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे और टीम ने 26 फरवरी 2026 को पिंजौर, हरियाणा में दबिश देकर मामले में संलिप्त दो आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय अभिषेक निवासी बालूगंज, शिमला और 24 वर्षीय अक्षय निवासी टूटू, शिमला के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पिंजौर के सूरजपुर स्थित रामपुर सियुड़ी में एक जंक शॉप (कबाड़ की दुकान) में काम करते हैं।
पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी पिंजौर से कोई सामान छोड़ने के लिए सोलन आए हुए थे। वापसी के दौरान उनकी नजर सड़क किनारे लावारिस हालत में रखे लोहे के चैनलों पर पड़ी और उन्होंने मौका पाकर उन्हें अपने वाहन में लाद लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सभी छह लोहे के चैनल बरामद कर लिए हैं और वारदात में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा उनके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की जा रही है।