सोलन में 200 करोड़ से बन रहा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, 70% काम पूरा: शांडिल

Photo of author

By Hills Post

सोलन: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने शनिवार को सोलन के कथेड़ में बन रहे अत्याधुनिक मल्टी-स्पेशलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की रफ्तार पर संतोष जताया और अधिकारियों को दो टूक कहा कि प्रोजेक्ट को तय समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। डॉ. शांडिल ने क्षेत्रीय अस्पताल सोलन का भी दौरा किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कथेड़ का यह अस्पताल पूरे क्षेत्र के लिए ‘लाइफ लाइन’ साबित होगा। करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस अस्पताल में वर्ल्ड क्लास सुविधाएं मिलेंगी। डॉ. शांडिल ने बताया कि अस्पताल का निर्माण कार्य 70 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस प्रोजेक्ट को प्राथमिकता पर रखा है और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मंत्री ने मौके पर मौजूद ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों को काम में और तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि जनता को जल्द से जल्द घर-द्वार पर बेहतर इलाज मिल सके।

कथेड़ के बाद स्वास्थ्य मंत्री क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचे। यहां उन्होंने डॉक्टर्स, नर्सों और पैरा-मेडिकल स्टाफ के काम की सराहना की। उन्होंने कहा कि मानव जीवन बचाने में इनका योगदान अतुलनीय है। मंत्री ने स्टाफ से सीधा संवाद कर उनकी परेशानियां जानीं और अस्पताल की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इस मौके पर स्वास्थ्य निदेशक डॉ. गोपाल बैरी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवर, नगर निगम पार्षद सरदार सिंह ठाकुर, कांग्रेसी नेता और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।