सोलन : सोलन निवासी एक महिला ने महिला पुलिस थाना सोलन में एक चौंकाने वाली घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई। उन्होंने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी घर की सफाई करते समय दूसरी मंजिल से पैर फिसलने के कारण गिर गई थी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद लड़की को तुरंत सोलन के स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। हालांकि, चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए शिमला के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया।
शिमला अस्पताल में उपचार और जांच के दौरान चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि लड़की गर्भवती है। यह जानकारी मिलने के बाद परिवार ने लड़की से पूछताछ की। पूछताछ में लड़की ने बताया कि उसके पड़ोस में रहने वाले युवक मनी रॉय ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया था। लड़की ने बताया कि मनी रॉय ने उसे विश्वास दिलाया कि वह उससे शादी करेगा, लेकिन बाद में उसने अपने वादे को पूरा नहीं किया।

इस घटना के बाद लड़की की मां ने महिला पुलिस थाना सोलन में मनी रॉय के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों को इकट्ठा किया।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया आरोपी मनी रॉय को गिरफ्तार कर लिया। मनी रॉय (21 वर्ष), जो सोलन के कुलवंत सिंह का बेटा है, को पुलिस ने उसके घर से हिरासत में लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय दंड संहिता (IPC) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत आरोप तय किए जाएंगे। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है।