हरिपुरधार में सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम: भाषण में मुस्कान और निबंध में तान्या रहीं अव्वल

नाहन : राजकीय महाविद्यालय हरिपुरधार के रोड सेफ्टी क्लब द्वारा विद्यार्थियों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से दो दिवसीय (2–3 मार्च 2026) विशेष जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान निबंध लेखन, भाषण, और प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति शिक्षित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. कर्म दत्त शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में न केवल जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करती हैं, बल्कि उन्हें एक जागरूक नागरिक भी बनाती हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित चलने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न शैक्षणिक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। भाषण (Declamation) प्रतियोगिता में मुस्कान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अंकिता राणा दूसरे और कृति तीसरे स्थान पर रहीं। इसी श्रेणी में जगदीश और दीक्षिता के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।

सड़क सुरक्षा विषय पर आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता में तान्या शर्मा ने अपनी लेखन शैली से प्रथम स्थान हासिल किया। उनके बाद जोगिंदर शर्मा दूसरे और तमन्ना तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, ज्ञान-विज्ञान पर आधारित क्विज (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिता में जोगिंदर ने अपनी बुद्धिमत्ता का परिचय देते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रदीप दूसरे स्थान पर रहे। क्विज के कड़े मुकाबले में रिंकू और रोहित चौहान ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान साझा किया।

इस पूरे जागरूकता कार्यक्रम का सफल मंच संचालन प्रोफेसर पूनम कुमारी एवं डॉ. पूर्वाशी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने न केवल नियमों को सीखा, बल्कि उत्साहपूर्वक अपनी भागीदारी भी सुनिश्चित की।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। समारोह का समापन शपथ ग्रहण के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।