‘हार्मोनी ऑफ पाइन्स’ की प्रस्तुति के साथ नशे के खिलाफ आवाज बुलंद करेगी सिरमौर पुलिस

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : पूरे प्रदेश में नशे के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत करने के लिए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 नवंबर 2025 को ‘चिट्टा’ (हेरोइन) उन्मूलन हेतु एक राज्यव्यापी जन आंदोलन की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री की इस पहल के बाद प्रदेश भर में नशा विरोधी जागरूकता गतिविधियों को और गति मिली है।

इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश पुलिस भी नशा निवारण के लिए लगातार विशेष जागरूकता अभियान चला रही है। जिला सिरमौर पुलिस भी इस मुहिम में सक्रिय भूमिका निभा रही है और समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित कर रही है।

इसी क्रम में सिरमौर पुलिस प्रशासन ने अब एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है, जिसका लक्ष्य लोगों में नशे के खिलाफ मजबूत जन-जागरूकता फैलाना और युवाओं को नशे की लत से दूर रखना है।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि बढ़ते नशे के मामलों को रोकने के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान तभी सफल हो सकते हैं जब लोग स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से यह विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह नशा निवारण जागरूकता कार्यक्रम 18 नवंबर 2025 को सुबह 11:00 बजे चौगान ग्राउंड, नाहन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देंगे।

कार्यक्रम की विशेष आकर्षण हिमाचल प्रदेश पुलिस की मशहूर आलकेस्ट्रा टीम ‘हार्मोनी ऑफ पाइन्स’ होगी, जो अपने संगीत के माध्यम से नशा निवारण का संदेश देगी। यह टीम अपनी सामाजिक विषयों पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुतियों के लिए जानी जाती है, जो दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ती हैं।

सिरमौर पुलिस ने नाहन शहर सहित पूरे जिले के लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी तंत्र की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। लोगों की उपस्थिति और सहभागिता इस मुहिम को और मजबूत बनाएगी तथा युवाओं को नशे के दलदल में फंसने से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।