हिमाचल को नेशनल युवान फैलोशिप-2025 में मिला तीसरा स्थान

Photo of author

By Hills Post

चंडीगढ़: हिमाचल प्रदेश ने समाजसेवा और युवा भागीदारी के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ‘नेशनल युवान फैलोशिप-2025’ के तहत बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस प्रतियोगिता में गुजरात ने पहला और ओडिशा ने दूसरा स्थान हासिल किया था, जिसकी घोषणा 12 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय युवा दिवस पर की गई थी।

शनिवार, 7 फरवरी 2026 को पंजाब के लहरा गागा में आयोजित एक भव्य समारोह में डॉ. एसएन सुब्बारॉव (भाई जी) की जयंती के अवसर पर हिमाचल प्रदेश को सम्मानित किया गया। पंजाब के वित्त मंत्री सरदार हरपाल सिंह चीमा ने नेशनल यूथ प्रोजेक्ट हिमाचल प्रदेश के समन्वयक यशपाल कपूर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान प्रदेश के युवाओं के समर्पण और सामाजिक कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

युवान ट्रस्ट (अहिल्यानगर, महाराष्ट्र) के संस्थापक संदीप कुसालकर द्वारा आयोजित इस ‘दान उत्सव’ का आयोजन पिछले साल 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक गांधी जयंती के उपलक्ष्य में किया गया था। इस दौरान हिमाचल प्रदेश की टीम ने सोलन जिले में उल्लेखनीय कार्य किए।

समन्वयक यशपाल कपूर ने बताया कि नेशनल यूथ प्रोजेक्ट के स्वयंसेवकों ने सोलन स्थित ‘मानव मंदिर’ में लाइलाज बीमारी मस्कुलर डिस्ट्रॉफी से जूझ रहे बच्चों को फूड पैकेट्स बांटे और उनके साथ समय बिताया। इसके अलावा, सामाजिक संस्था ‘सारथी’ के सहयोग से बाईपास स्थित झुग्गियों में गर्म कपड़े वितरित किए गए। सीनियर सेकेंडरी स्कूल भोज आंजी में नशा निवारण पर जागरूकता अभियान और चित्रकला प्रतियोगिता करवाई गई, जबकि इको क्लब के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। इन सामाजिक प्रयासों के चलते ही हिमाचल को यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।