शिमला : हिमाचल प्रदेश पुलिस के लिए गर्व का क्षण आया जब गृह मंत्रालय 14C द्वारा आयोजित साइबर कमांडो परीक्षा में प्रदेश के 29 अधिकारियों का चयन हुआ। यह परीक्षा पूरे भारत में आयोजित की गई थी, जिसमें विभिन्न राज्यों के पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। यह जानकारी आज मोहित चावला (पुलिस उप महानिदेशक, साइबर अपराध) ने दी
इस परीक्षा में कुल 3093 अधिकारियों ने भाग लिया, जिनमें से 1042 अधिकारियों ने सफलता प्राप्त की। चयनित अधिकारियों में चंडीगढ़ के 2, दिल्ली के 15, हरियाणा के 13, पंजाब के 8 और हिमाचल प्रदेश पुलिस के 29 अधिकारी शामिल हैं।

पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश पुलिस के 12 अधिकारियों का चयन साइबर कमांडो के रूप में हुआ था, जो वर्तमान में विभिन्न साइबर चुनौतियों से निपटने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस वर्ष चयनित अधिकारियों को छह महीने की गहन ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें वे आईआईटी स्तर का साइबर सुरक्षा एवं फॉरेंसिक प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। यह प्रशिक्षण उन्हें डिजिटल सुरक्षा में निपुण बनाएगा और साइबर अपराधों की रोकथाम में मदद करेगा।
मोहित चावला ने बताया कि साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश पुलिस को और अधिक सक्षम बनाएगी। साइबर विशेषज्ञों की इस नई फौज से प्रदेश में डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों और उनके परिवारजनों ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है।