हिमाचल में 24 से 29 जनवरी तक मौसम साफ, तापमान में बदलाव के संकेत

Photo of author

By पंकज जयसवाल

शिमला : हिमाचल प्रदेश में 24 से 29 जनवरी तक पूरे राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

23 और 24 जनवरी को निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इन दो दिनों के दौरान कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति भी बन सकती है, जिससे ठंड का असर और अधिक बढ़ सकता है।

इस साल जनवरी के महीने में हिमाचल प्रदेश में बारिश का आंकड़ा बेहद कम रहा है। 1 से 23 जनवरी तक राज्य में केवल 14.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि के दौरान सामान्य औसत 57.3 मिलीमीटर माना जाता है। इस तरह, इस महीने बारिश सामान्य से 74% कम हुई है।

प्रदेश के जिला ऊना, कांगड़ा और बिलासपुर में हालात और भी गंभीर हैं, जहां 90% तक कम बारिश हुई है। लगातार कम बारिश और सूखे जैसे हालात से फसलों पर बुरा प्रभाव पड़ा है। कोहरे और धुंध ने भी कृषि कार्यों में बाधा पहुंचाई है।

हालांकि, मौसम विभाग ने 23 जनवरी को राज्य के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों और आसपास के मध्य पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में मौसम ठंडा और बादलों से घिरा रह सकता है।

राजधानी शिमला में आज हल्की धूप खिली हुई है, लेकिन बादलों की मौजूदगी भी देखी जा रही है। मौसम में यह बदलाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को कोहरे और शीतलहर से बचने के लिए सतर्क रहने की सलाह दी है। फसलों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाने और ठंड से बचाव के उपाय करने की आवश्यकता है।

प्रदेश में बारिश की भारी कमी ने जल स्रोतों और फसलों की स्थिति को प्रभावित किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि आने वाले महीनों में बारिश सामान्य नहीं हुई, तो सूखे की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।