नाहन : हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक हादसा पेश आया, जहाँ हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस गहरी खाई में जा गिरी। चौपाल से पांवटा साहिब की ओर जा रही इस बस (HP 66A 2588) के दुर्घटनाग्रस्त होने से अब तक तीन यात्रियों की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि हुई है। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय सूत्रों और मलबे की स्थिति को देखते हुए हताहतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे शूदोई खड्ड के पास यह हादसा तब हुआ जब बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। बस में कुल 34 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। प्राथमिक तौर पर 31 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुँचाया गया। चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक, कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते प्रशासन और परिजन बेहद चिंतित हैं।

हादसे की वजह का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन प्रारंभिक इनपुट के अनुसार, संकरी सड़क पर एक अन्य वाहन को पास देते समय सड़क का किनारा (डंगा) धंस गया। जमीन बैठते ही बस चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सीधे खाई में समा गई।
प्रशासनिक पुष्टि का इंतज़ार क्षेत्र में बचाव कार्य अभी भी जारी है और पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारी मौके पर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। जहाँ स्थानीय स्तर पर कुछ लोग मृतकों की संख्या अधिक बता रहे हैं, वहीं प्रशासन फिलहाल तीन मौतों पर ही कायम है। प्रशासन का कहना है कि पूरी जांच और शिनाख्त के बाद ही अंतिम आंकड़ा स्पष्ट किया जाएगा।