एल.आर. इंस्टीट्यूट में नए छात्रों का शानदार स्वागत, फ्रेशर्स पार्टी में नाटी ने जीता दिल

Photo of author

By Hills Post

सोलन: सोलन के एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में नए छात्रों के स्वागत के लिए एक शानदार फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन हुआ। सीनियर छात्रों की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम को ‘A Dose of Beginnings 2026’ का नाम दिया गया। इस कार्यक्रम के जरिए फार्मेसी की पढ़ाई शुरू करने वाले नए छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उनके बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत एल.आर. इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य प्रो. अवनीत गुप्ता के स्वागत भाषण से हुई। डॉ. शचि सिंह ने छात्रों को फार्मेसी को समाज सेवा से जोड़ने और अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी। वहीं प्रो. अवनीत गुप्ता ने छात्रों को अपने लक्ष्य पर फोकस रखने और कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

पार्टी का सबसे बड़ा आकर्षण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। मंच पर छात्रों ने शानदार गायन के साथ ऊर्जा से भरे भांगड़ा और पंजाबी डांस से सबका ध्यान खींचा। लेकिन सबसे ज्यादा तालियां हिमाचल की पारंपरिक हिमाचली नाटी की प्रस्तुति को मिलीं जिसने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया।

कार्यक्रम के आखिर में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं के नाम घोषित किए गए। डी. फार्मेसी में दिवाकर और दिव्यांशी को मिस्टर और मिस फ्रेशर का ताज पहनाया गया। बी. फार्मेसी में यह खिताब पीयूष और स्नेहा के नाम रहा जबकि एम. फार्मेसी में प्रियांशु और अंबिका मिस्टर और मिस फ्रेशर चुने गए। इसके अलावा दानिश और ओशीन को मिस्टर और मिस पर्सनैलिटी चुना गया। वहीं शानदार प्रतिभा दिखाने के लिए पंकज और रितिका ने मिस्टर और मिस टैलेंटेड का खिताब अपने नाम किया। कुल मिलाकर यह आयोजन नए छात्रों के लिए फार्मेसी के सफर की एक यादगार शुरुआत रहा।

इस आयोजन में एलआर परिवार के अन्य संस्थानों के प्रमुख भी शामिल हुए। इनमें एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की प्राचार्या डॉ. श्वेता संधू, एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी के प्राचार्य डॉ. सुरेश चौहान, एलआर पॉलिटेक्निक की प्राचार्या डॉ. कंचन बाला जसवाल और एलआर इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज के विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव नंदा मौजूद रहे। इस दौरान एलआर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के ट्रस्टी विकास सिंह, प्रबंध निदेशक डॉ. शचि सिंह, ट्रस्ट कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी सूरत सिंह और लेखा अधिकारी मनोज शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।