करोड़ों की बर्बादी या किसी को फायदा? गिरिनगर-पॉलिटेक्निक सड़क निर्माण पर भड़के डॉ. बिंदल

Photo of author

By Hills Post

नाहन: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए गिरिनगर रोड से पॉलिटेक्निक तक बन रही सड़क के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। डॉ. बिंदल ने कहा कि रामपुर भारापुर पंचायत का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला, जिसमें जिला परिषद सदस्य भगवान दास, पंचायत प्रधान रजनीश, उपप्रधान बलदेव और बीडीसी सदस्य दीपक सहित क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ ग्रामीण शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें इस अव्यवस्थित निर्माण कार्य से जनता को हो रही भारी दिक्कतों से रूबरू करवाया।

डॉ. राजीव बिंदल ने विभागीय कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि इस सड़क पर बार-बार हो रहे निर्माण और तोड़-फोड़ से कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग का यह कैसा अजीब ढर्रा है कि कभी सड़क को उखाड़ दिया जाता है, फिर उसमें मिट्टी-मलबे की भराई की जाती है, उसके बाद टाइलें बिछाई जाती हैं और कुछ ही समय बाद उन टाइलों को फिर से उखाड़कर दोबारा भराई शुरू कर दी जाती है। आखिर जनता के टैक्स के करोड़ों रुपये की इस प्रकार बेरहमी से बर्बादी कौन कर रहा है, क्यों कर रहा है और यह सब किसके इशारे पर हो रहा है? इस पूरे खेल की एक उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सीधा आरोप लगाया कि किसी एक व्यक्ति विशेष को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए लाखों-करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाकर आम जनता का जीवन संकट में डाल दिया गया है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस बेतरतीब काम के कारण सड़क के आसपास रहने वाले स्थानीय लोगों के घर मिट्टी और मलबे में दब गए हैं। लोगों का अपने ही घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, राहगीरों व वाहनों का सड़क पर चलना दूभर है और जगह-जगह पानी जमा होने से जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉ. बिंदल ने रामपुर भारापुर पंचायत के प्रतिनिधिमंडल के साथ तुरंत लोक निर्माण विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर (SE) से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारी को जमीनी हकीकत से अवगत कराते हुए मांग की कि विभाग तुरंत मौके का तकनीकी निरीक्षण करे, इसकी गुणवत्ता की जांच करवाई जाए और इसमें संलिप्त दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने साफ किया कि विकास कार्यों में ऐसी घोर लापरवाही और सरकारी धन का दुरुपयोग बर्दाश्त से बाहर है।

डॉ. बिंदल ने प्रदेश सरकार और लोक निर्माण विभाग को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि विभाग ने शीघ्र ही इस समस्या का कोई स्थायी और तकनीकी रूप से सही समाधान नहीं निकाला तथा जनता को राहत नहीं दी, तो भारतीय जनता पार्टी स्थानीय ग्रामीणों को साथ लेकर जनहित में एक बड़ा आंदोलन छेड़ने के लिए पूरी तरह बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।