कसौली उपमंडल में पशु मित्र भर्ती के लिए होगी काउंसलिंग

Photo of author

By Hills Post

सोलन: पशु मित्र नीति-2025 के अंतर्गत उपमंडल कसौली के अधीन आने वाले पांच पशु चिकित्सा संस्थानों में रिक्त पदों को भरने के लिए आगामी 18 जून 2026 को काउंसलिंग की तिथि निर्धारित की गई है। शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कर चुके और मेरिट सूची में स्थान पाने वाले पात्र अभ्यर्थियों की यह काउंसलिंग प्रातः 11:00 बजे उपमंडलाधिकारी (SDM) कसौली के कार्यालय में आयोजित की जाएगी।

यह आधिकारिक जानकारी पीएमईसी (PMEC) के सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी धर्मपुर ने दी। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह द्वितीय चरण की काउंसलिंग कसौली उपमंडल के उप मण्डलीय पशु चिकित्सालय धर्मपुर, पशु चिकित्सालय चण्डी, पशु चिकित्सालय जाबली, पशु औषधालय घड़सी, पशु औषधालय कण्डा में पशु मित्रों की तैनाती के लिए की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल रहे अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच (स्क्रूटनी) के बाद ‘पशु मित्र पॉलिसी-2025’ के कड़े प्रावधानों और मेरिट के आधार पर ही इन शॉर्टलिस्टेड उम्मीदवारों को काउंसलिंग के लिए चयनित किया गया है।

प्रशासन ने साफ किया है कि यदि कोई भी अभ्यर्थी निर्धारित समय और स्थान पर अनुपस्थित रहता है या मौके पर अपने मूल (Original) दस्तावेज प्रस्तुत करने में असमर्थ रहता है, तो उसकी पात्रता (Candidate) तुरंत प्रभाव से रद्द कर दी जाएगी और भविष्य में उसके दावे पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

इस भर्ती व काउंसलिंग प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी अन्य प्रकार की तकनीकी जानकारी या पूछताछ के लिए आवेदक विभाग के आधिकारिक दूरभाष नंबर 94181-63577 पर संपर्क कर सकते हैं।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।