कानसर स्कूल के विद्यार्थियों ने धौलाकुआं पॉलिटेक्निक में सीखे करियर के गुर

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : राजकीय उच्च विद्यालय कानसर के विद्यार्थियों के लिए आज का दिन शिक्षा और तकनीकी ज्ञान के अद्भुत संगम वाला रहा। समग्र शिक्षा के अंतर्गत ‘प्री वोकेशनल ग्रांट’ के तहत विद्यालय के 6ठी से 8वीं कक्षा के 41 छात्र-छात्राओं ने राजकीय बहुतकनीकी संस्थान पांवटा साहिब (धौलाकुआं) का एक दिवसीय शैक्षिक भ्रमण किया।

भ्रमण के दौरान राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर विजय चौहान ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों को तकनीकी शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि वर्तमान समय में डिप्लोमा पाठ्यक्रम करियर निर्माण के लिए एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने संस्थान में उपलब्ध विभिन्न डिप्लोमा कोर्सेज और उनके भविष्य के लाभों पर विस्तार से चर्चा की।

कॉलेज के लेक्चरर दीपक संधू ने विद्यार्थियों को ऑटोमोबाइल्स के क्षेत्र में उभरते करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि कैसे वे इस क्षेत्र में विशेषज्ञ बनकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन किया, यहाँ बच्चों ने आधुनिक मशीनों के कार्य करने के तरीकों को देखा। बच्चों को कंप्यूटर तकनीक और आधुनिक सॉफ्टवेयर के बारे में बताया गया। इसके इलावा विद्यार्थियों ने तकनीकी विषयों से जुड़ी विशाल लाइब्रेरी का भी भ्रमण किया।

विद्यार्थियों के इस दल के साथ विद्यालय के कार्यकारी मुख्याध्यापक किशोर भारद्वाज, शिक्षिका नेहा शर्मा और बबिजा शर्मा भी मौजूद रहे। कार्यकारी मुख्याध्यापक ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षिक भ्रमणों से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान भी मिलता है, जिससे उन्हें अपने भविष्य के करियर का चुनाव करने में आसानी होती है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।