कालाअंब-त्रिलोकपुर मार्ग पर बड़ा हादसा: ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो की दर्दनाक मौ*त

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के त्रिलोकपुर रोड पर स्थित रुचिरा इंडस्ट्री के सामने एक हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया है। इस दुर्घटना में ट्रैक्टर के नीचे आने से दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है।

जानकारी के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। रुचिरा इंडस्ट्री के समीप जब बाइक चालक ने आगे चल रहे एक ट्रैक्टर से पास लेने की कोशिश की, तो अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान बाइक पर पीछे बैठे दो लोग (एक पुरुष और एक महिला) सड़क पर गिर गए। इससे पहले कि वे संभल पाते, वे उसी ट्रैक्टर के पिछले टायर की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दुर्घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया। प्रारंभिक छानबीन में मृतकों के पास से कोई दस्तावेज, पहचान पत्र या मोबाइल बरामद नहीं हुआ है, जिससे उनकी शिनाख्त करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।

एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने आधिकारिक तौर पर हादसे की पुष्टि की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी (ASP) योगेश रोल्टा स्वयं घटनास्थल के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस की प्राथमिकता अब आरोपी वाहन चालक की पहचान करना और मृतकों की शिनाख्त सुनिश्चित करना है। इसके लिए आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में पूछताछ के साथ-साथ CCTV फुटेज को युद्ध स्तर पर खंगाला जा रहा है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।