कालाअंब में बढ़ रही आपसी रंजिश: दो अलग-अलग वारदातों में चार लोगों पर FIR दर्ज

नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में पुलिस ने मारपीट और रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी देने के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। पहली घटना त्रिलोकपुर मार्ग पर एक हाइड्रा चालक के साथ हुई, जबकि दूसरी घटना मोगीनंद क्षेत्र में अंजाम दी गई। पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पहले मामले में पुलिस को दी गई शिकायत में गौरव (निवासी पंजलासा, नारायणगढ़, हरियाणा) ने बताया कि 4 अप्रैल को वह अपनी हाइड्रा (HR04L-3949) लेकर त्रिलोकपुर की ओर काम पर जा रहा था। रास्ते में एक बाइक खड़ी थी, जिसे हटाने के लिए गौरव ने वहां खड़े व्यक्ति से कहा ताकि वह मोड़ काट सके।

आरोप है कि बाइक हटाने के बजाय उक्त व्यक्ति गाली-गलौज करने लगा। जब गौरव नीचे उतरकर खुद बाइक साइड करने लगा, तो उस व्यक्ति ने अपने एक अन्य साथी को बुला लिया और गौरव का रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। गौरव को इस हमले में चोटें आई हैं। हमलावरों की पहचान ईलशाद उर्फ ईल्लू और उसके भाई सैफ अली (निवासी त्रिलोकपुर) के रूप में हुई है। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकियां भी दीं।

वहीं एक अन्य मामले में पियूष राज (निवासी तीसा, जिला चम्बा) ने शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह काला आंब की तरफ से मोगीनंद आ रहा था, तो उसके कमरे के बाहर दो व्यक्तियों, अनिरुद्ध और नीरज, ने उसका रास्ता रोक लिया। बिना किसी ठोस कारण के आरोपियों ने पियूष के साथ मारपीट की, जिससे उसके हाथों में चोटें आई हैं। इस मामले में भी पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई है।

कालाअंब पुलिस ने दोनों ही मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामलों की गहनता से छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।