नाहन : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शुक्रवार देर रात एक बेकाबू टिपर ने भारी तबाही मचाई। बजरी से भरे एक तेज रफ्तार टिपर ने सड़क किनारे खड़े और चल रहे आधा दर्जन वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में दो ट्रक, एक एचआरटीसी (HRTC) बस, एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
शिकायतकर्ता कपिल (निवासी गांव मईला, संगड़ाह) ने पुलिस को बताया कि वह अपने ट्रक (HP17J-8232) में चंडीगढ़ से टाइलें लोड कर हरिपुरधार की ओर जा रहा था। रात करीब 10:20 बजे जब वह कालाअंब चौक के पास पहुंचा, तो पीछे से आए एक तेज रफ्तार डम्पर (HR58E-6503) ने ओवरटेक करने की कोशिश में नियंत्रण खो दिया। डम्पर ने पहले कपिल के ट्रक और एक अन्य ट्रक (HP17E-3991) को जोरदार टक्कर मारी। इसके बाद बेकाबू डम्पर ने पास से गुजर रही एचआरटीसी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे की चपेट में आने से ड्यूटी कर घर लौट रहा एक बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका पैर टूट गया है। उसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। डम्पर की रफ्तार इतनी तेज थी कि सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी और आसपास की दुकानों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टिपर चालक शायद नशे की हालत में था, जिस कारण यह बड़ा हादसा पेश आया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना कालाअंब की टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सुचारू किया। पुलिस ने आरोपी टिपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा वाहनों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और दुर्घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।