किन्नौर : हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के शोंग गांव के प्रगतिशील किसान आशीष ने आज कृषि क्षेत्र में राज्य का मान बढ़ाते हुए ‘फार्म एन फूड अवार्ड’ अपने नाम कर लिया। पंजाब के मोहाली स्थित किसान विकास चैम्बर में आयोजित एक भव्य समारोह में आशीष को ‘बेस्ट फार्मर इन मार्केटिंग’ श्रेणी के अंतर्गत सम्मानित किया गया।
दिल्ली के प्रतिष्ठित ‘फार्म एन फूड मीडिया’ द्वारा आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के चुनिंदा प्रगतिशील किसानों को उनके नवाचारों के लिए पुरस्कृत किया गया। आशीष को यह अवार्ड कालाजीरा और राजमा की प्राकृतिक खेती को आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देशभर में पहुंचाने के लिए दिया गया है।

सम्मान ग्रहण करने के बाद आशीष ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उनकी मेहनत के साथ-साथ उन सभी किसानों का सम्मान है जो प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। गौरतलब है कि आशीष वर्ष 2022 से ‘किनोर बाउंटीज’ ब्रांड के तहत अपने उत्पाद ऑनलाइन बेच रहे हैं। उन्होंने न केवल खुद सफलता हासिल की, बल्कि 15 अन्य किसानों को भी प्राकृतिक खेती की राह दिखाई है और कई लोगों को रोजगार भी प्रदान किया है।
इस अवसर पर फार्म एन फूड मीडिया के प्रभारी भानु प्रकाश राणा और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आशीष के उज्जवल भविष्य की कामना की। उनकी इस उपलब्धि से पूरे किन्नौर जिले में खुशी का माहौल है और युवा किसानों के लिए वे एक नई प्रेरणा बनकर उभरे हैं।