गिरिपुल मार्ग पर राजगढ़ के 3 युवक 4.80 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार

नाहन : जिला सिरमौर की डिटेक्शन सैल राजगढ़ की पुलिस टीम ने नशे के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए कार सवार तीन युवकों को 4.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 14 जून 2026 को पुलिस गश्त के दौरान मिली एक पुख्ता गुप्त सूचना के आधार पर कोटली नामक स्थान पर अमल में लाई गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जब डिटेक्शन सैल की टीम कोटली में मौजूद थी, तो उन्हें विशेष मुखबिर से सूचना मिली कि शुभम ठाकुर (निवासी गांव चुन्नी, राजगढ़) अपने दो साथियों विवेक चौहान और मिथुन आर्य (दोनों निवासी राजगढ़) के साथ एक कार (संख्या HP 63-3060) में मादक पदार्थ चिट्टे की खेप लेकर गिरिपुल (सोलन) की तरफ से राजगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तुरंत नाकाबंदी कर उक्त गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका।

तलाश लेने पर पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों के कब्जे से कुल 4.80 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस ने नशीले पदार्थ और वाहन को अपने कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना राजगढ़ में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगामी अन्वेषण (जांच) बारीकी से की जा रही है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।