नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिन्दल ने भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों एवं पदाधिकारियों से आह्वान किया है कि वे “चूल्हे से लेकर चौक” तक प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को आमजन के बीच उजागर करें। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की 28 लाख से अधिक महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पेंशन देने की झूठी गारंटी देकर उनके साथ विश्वासघात किया है।
डॉ. राजीव बिन्दल गुरुवार को नाहन में आयोजित जिला सिरमौर भाजपा महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित महिला प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनावों से पूर्व कांग्रेस ने जनता से 10 गारंटियाँ की थीं, लेकिन सरकार बनने के बाद एक भी गारंटी को धरातल पर नहीं उतारा गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की लगभग सभी गारंटियाँ महिलाओं से जुड़ी हुई थीं, चाहे वह 1500 रुपये मासिक पेंशन का वादा हो, 100 रुपये लीटर दूध खरीदने की घोषणा हो या फिर 2 रुपये किलो गोबर खरीदने की बात। इसके अलावा एक वर्ष में एक लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की गारंटी भी पूरी तरह विफल रही, जिसका सीधा असर महिलाओं और परिवारों पर पड़ा है।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश से कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने में महिलाओं की भूमिका निर्णायक होगी, क्योंकि महिला वर्ग कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने में महिला मोर्चा का विशेष योगदान रहा है और यह शक्ति आगे भी संगठन की रीढ़ बनी रहेगी।
उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा हर बूथ को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत प्रत्येक बूथ पर 10 महिला कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की जा रही है। महिला मोर्चा से इस लक्ष्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेश भर में सक्रियता से संगठनात्मक कार्य कर रहा है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे मंडल स्तर पर माह में कम से कम पांच दिन प्रवास कर संगठन को मजबूत करें और “एक बूथ, 10 महिला” योजना को जिला स्तर पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।
बैठक में विधायक रीना कश्यप, जिला परिषद अध्यक्ष सीमा कन्याल, मधु बिन्दल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवानी वर्मा तथा भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने भी अपने विचार रखे।
इस अवसर पर सिरमौर जिला एवं महिला मोर्चा के मंडल पदाधिकारी, जिला व मंडल अध्यक्ष, पार्षदगण, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।