नाहन : जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) जमटा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल के पानी के टैंक में एक विशाल सांप दिखाई दिया। स्कूल परिसर में सांप होने की खबर फैलते ही स्टाफ और विद्यार्थियों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत वन विभाग, जमटा रेंज को दी गई। रेंज ऑफिसर प्रेम सिंह कंवर ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत फील्ड स्टाफ को मौके पर रवाना किया। रेस्क्यू ऑपरेशन की मुख्य जिम्मेदारी फॉरेस्ट गार्ड संदीप कुमार चौधरी को सौंपी गई।

संदीप कुमार चौधरी ने अपने साथी फॉरेस्ट गार्ड सुखचैन और सचिन कुमार चौधरी के साथ मिलकर स्कूल में सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान स्कूल के चपरासी (पियन) मदन सिंह ने भी टीम का पूरा सहयोग किया।
कड़ी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया गया। फॉरेस्ट गार्ड संदीप कुमार चौधरी ने पुष्टि की कि पकड़ा गया सांप ‘स्पेक्टेकल्ड कोबरा’ (Spectacled Cobra) प्रजाति का था, जो कि अत्यंत विषैला होता है। रेस्क्यू के बाद टीम ने सांप को स्कूल परिसर से दूर सुरक्षित सरकारी जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग की इस त्वरित और सफल कार्रवाई के बाद स्कूल प्रबंधन, स्टाफ और बच्चों ने राहत की सांस ली है।