नाहन: मानवता की सेवा में समर्पित ‘ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी’ सिरमौर ने वर्ष 2026 के पहले माह जनवरी में रक्तदान के क्षेत्र में सराहनीय कार्य किया है। सोसाइटी द्वारा जारी मासिक रिपोर्ट के अनुसार, 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सदस्यों के अथक प्रयासों से कुल 39 यूनिट रक्तदान सुनिश्चित किया गया। इस पुनीत कार्य का एक बड़ा हिस्सा मेडिकल कॉलेज नाहन को समर्पित रहा, जहाँ कुल 20 यूनिट रक्त उपलब्ध कराया गया। नाहन में दिए गए रक्त में A+ की 4 यूनिट, O+ की 5 यूनिट, AB+ की 3 यूनिट, B+ की 7 यूनिट और B- की 1 यूनिट शामिल रही।
सोसाइटी की सेवा का दायरा केवल सिरमौर जिले तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके जांबाज सदस्यों ने हिमाचल के अन्य जिलों सहित बाहरी राज्यों के बड़े अस्पतालों में भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सदस्य रजत सैनी ने पीजीआई चंडीगढ़ में सिलाई क्षेत्र के एक मरीज के लिए A+ रक्त दान किया, जबकि राजन वर्मा ने दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल में पहुँचकर A+ रक्त की जरूरत को पूरा किया। इसी कड़ी में कपिल नेगी ने आईजीएमसी शिमला में AB+, पीजीआई चंडीगढ़ में O+, मेडिकल कॉलेज नेरचौक (मंडी) में A+ की 2 यूनिट और सिविल अस्पताल कांगड़ा में B- की 1 यूनिट रक्त का प्रबंध कर मरीजों को नया जीवन दान दिया।

संस्था की इस मुहिम को सफल बनाने में अन्य सदस्यों और सहयोगी समूहों का भी विशेष योगदान रहा। देहरादून में नदीम खान ने 3 यूनिट और नारायणगढ़ में मनीष सहगल ने A+ की 2 यूनिट रक्त की व्यवस्था की। इसके अतिरिक्त, ‘बाज़ ब्लड ग्रुप’ के अध्यक्ष सलमान खान ने पीजीआई चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में 4 यूनिट्स की व्यवस्था कर सहयोग प्रदान किया। वहीं, अखिल माहेश्वरी ने मोहाली और पंचकूला में उपचाराधीन जिला सिरमौर के मरीजों के लिए 3 यूनिट्स रक्त उपलब्ध करवाया।
सोसाइटी के पदाधिकारियों ने बताया कि यह उपलब्धि सभी सदस्यों की दिन-रात की मेहनत और आपसी समन्वय का परिणाम है। बिना किसी स्वार्थ के की जा रही यह सेवा आने वाले समय में भी इसी प्रकार जारी रहेगी ताकि रक्त के अभाव में किसी भी व्यक्ति का उपचार न रुके।