नाहन : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (GSSS) त्रिलोकपुर में ‘संस्कृत सप्ताह’ का आयोजन अत्यंत उत्साह और धूमधाम के साथ किया जा रहा है। संस्कृत शिक्षिका दीपिका शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में विद्यालय की छात्राओं ने प्राचीन भाषा संस्कृत के प्रति अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में छात्राओं ने संस्कृत भाषा, ग्रंथों और प्राचीन भारतीय संस्कृति पर आधारित विभिन्न प्रकार के 3D मॉडल, चार्ट और हस्तनिर्मित कार्ड्स तैयार किए। छात्राओं ने “जयतु भारतम् जयतु संस्कृतम्” और “नमो नमः” के उद्घोष के साथ संस्कृत सप्ताह एवं संस्कृत दिवस की शुभकामनाएँ दीं।

प्रदर्शनी में अंजलि, सोनिका, सोनाली, रूबी और अन्य छात्राओं ने संस्कृत भाषा के महत्व को दर्शाते हुए अपने-अपने मॉडल्स प्रस्तुत किए, जिन्हें अध्यापकों और अन्य विद्यार्थियों द्वारा खूब सराहा गया।
शिक्षिका दीपिका शर्मा और विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देववाणी संस्कृत के प्रति रुचि बढ़ती है और उन्हें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जानने व समझने का अवसर मिलता है।