शिमला: दिवाली से ठीक पहले प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने 3% महंगाई भत्ते (DA) की किश्त देने की घोषणा की है। यह बढ़ा हुआ भत्ता अक्टूबर माह के वेतन के साथ नवंबर में मिलेगा, जबकि अप्रैल से सितंबर 2025 तक का एरियर इसी महीने कर्मचारियों के खातों में जमा कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह घोषणा बुधवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड कर्मचारी यूनियन के अधिवेशन में की।

बिजली बोर्ड कर्मचारियों को भी मिल सकती है पुरानी पेंशन
बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने एक और बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि यूनियन के पदाधिकारियों से चर्चा के बाद, बोर्ड के कर्मचारियों को भी पुरानी पेंशन योजना (OPS) देने पर भविष्य में विचार किया जाएगा।
हालांकि, उन्होंने बोर्ड के प्रबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि इसमें सुधार की बहुत जरूरत है। उन्होंने ऊहल प्रोजेक्ट का उदाहरण देते हुए कहा कि आज ऊहल प्रोजेक्ट से बिजली बनाने का खर्च 27 रुपये प्रति यूनिट आ रहा है, जिसके लिए बोर्ड के बड़े अधिकारी जिम्मेदार हैं, न कि छोटे कर्मचारी। उन्होंने कहा कि सरकार ने बोर्ड कर्मचारियों के वित्तीय लाभ देने के लिए 2200 करोड़ रुपये जारी किए हैं और रुकी हुई पदोन्नतियों को भी तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र और पिछली सरकार पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक तंगी के लिए केंद्र और पिछली भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जब हमने कर्मचारियों को OPS दी, तो भाजपा नेताओं के दबाव में केंद्र सरकार ने हमारी अतिरिक्त कर्ज लेने की सीमा रोक दी। उन्होंने कहा कि उन्हें विरासत में 75 हजार करोड़ का कर्ज और 10 हजार करोड़ की कर्मचारी देनदारियां मिली हैं, जिसके कारण कर्मचारियों को उनके लाभ समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने अगले 3-4 महीने आर्थिक तंगी के रहने की बात भी कही।
शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार हमारी प्राथमिकता
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़े सुधार किए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे प्रयासों से हिमाचल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में 21वें से 5वें स्थान पर पहुंच गया है। स्वास्थ्य क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पुराने अस्पतालों में 20 साल पुरानी मशीनें बदली जा रही हैं, PET स्कैन और 3 टेस्ला MRI मशीनें लगाई जा रही हैं और रोबोटिक सर्जरी भी शुरू कर दी गई है।