दुकान मोटरसाइकिल की, धंधा नशे का: नालागढ़ में 36.14 ग्राम चिट्टे के साथ 3 गिरफ्तार

सोलन : बद्दी पुलिस की एक्स-सेल (X-Cell) टीम ने नशे के सौदागरों और ड्रग माफिया के खिलाफ एक बड़ी और योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए नालागढ़-दभोटा रोड पर भारी मात्रा में चिट्टे (हेरोइन) के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचने में सफलता हासिल की है। यह पूरी कार्रवाई गुप्त सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर राजपुरा गांव में अमल में लाई गई। पुलिस ने मौके से कुल 36.14 ग्राम चिट्टा, ड्रग मनी और नशीले पदार्थ को तोलने वाले दो डिजिटल तराजू बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक्स-सेल की टीम ने राजपुरा गांव में स्थित एक मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान और वहां बाहर खड़ी एक ऑल्टो कार पर अचानक छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन आरोपियों को घेराबंदी करके काबू किया। आरोपियों की पहचान पवननीर सिंह (निवासी गांव शाहपुर बेला, जिला रोपड़, पंजाब), सतपाल सिंह (निवासी गांव गागूवाल, नालागढ़) और राजीव कुमार (निवासी गांव ढांग उपरली, नालागढ़) के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस टीम को ऑल्टो कार (संख्या HP12D-7078) के स्टीयरिंग कवर के नीचे छिपाकर रखा गया 24.94 ग्राम चिट्टा मिला। इसके बाद जब मोटरसाइकिल रिपेयर की दुकान के अंदर गहनता से छानबीन की गई, तो वहां से भी 11.20 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। दोनों जगहों से पुलिस ने कुल 36.14 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके अलावा, आरोपियों के कब्जे से नशे के व्यापार में इस्तेमाल होने वाले दो डिजिटल तराजू और ₹49,500 की नगद राशि (ड्रग मनी) भी जब्त की गई।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नालागढ़ में एनडीपीएस (ND&PS) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। बद्दी पुलिस अब इस पूरे ड्रग नेटवर्क की जड़ों को काटने के लिए इसके ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ (खरीद-बिक्री के स्रोतों) को खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि इस धंधे से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा और मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।