नाहन : शंभूवाला के हेल्थ केयर कंपनी में हुए दर्दनाक लिफ्ट हादसे के बाद आज दिन भर चला हाई-वोल्टेज ड्रामा अब शांत हो गया है। 29 वर्षीय युवक टीका राम की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने दोपहर तक सड़क पर चक्का जाम रखा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप रहा। लेकिन ताज़ा जानकारी के अनुसार, दोपहर बाद कंपनी प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच हुई लंबी वार्ता के बाद समझौता हो गया है और ग्रामीणों ने जाम खोल दिया है।
बता दें कि शुक्रवार रात को लिफ्ट की तार टूटने से रुखड़ी निवासी टीका राम की जान चली गई थी। शनिवार सुबह से ही कंपनी प्रबंधन की बेरुखी से ग्रामीण इस कदर भड़क गए कि उन्होंने कंपनी के बाहर प्रदर्शन करते हुए मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए और सुरक्षा में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।

दोपहर बाद कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच वार्ता का दौर चला। मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी ने ग्रामीणों की मुख्य मांगों और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की बात स्वीकार कर ली है। सहमति बनने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया और सड़क से हट गए, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से बहाल करवाया।
भले ही कंपनी और ग्रामीणों के बीच समझौता हो गया हो, लेकिन कानून अपना काम कर रहा है। एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने स्पष्ट किया है कि प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही की एफआईआर (FIR) पहले ही दर्ज की जा चुकी है और पुलिस इस बात की जांच जारी रखेगी कि सुरक्षा मानकों में चूक कहाँ हुई। फिलहाल, शंभूवाला में स्थिति नियंत्रण में है ।