सोलन: राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर के संगीत विभाग द्वारा संगीत उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। संगीत विभाग की सहायक आचार्या डॉ. सुनीता शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी सुरीली आवाजों और कलात्मक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का आगाज़ मुख्य अतिथि और महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे और छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए शास्त्रीय और लोक संगीत का अनूठा संगम पेश किया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षणों में छात्रों द्वारा प्रस्तुत समूह गीत शिव कैलाशों के वासी ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न रागों की कठिन प्रस्तुतियों को बेहद सहजता से पेश कर अपनी तैयारी का परिचय दिया। साथ ही पहाड़ी लोकगीतों और भांगड़ा की ऊर्जावान प्रस्तुति पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए। ऋतिका, तन्वी, आदित्य, आरुषि, चिराग और स्नेहा ने अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्राचार्या डॉ. सुनीता गोयल ने संगीत विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल छात्रों की कला को निखारते हैं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति से भी जोड़ते हैं। उन्होंने डॉ. सुनीता शर्मा और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसी रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।