धर्मपुर क्षेत्र के मानसरोवर ढाबे से दो युवक 6.80 ग्राम चिट्टा और कैप्सूल के साथ गिरफ्तार

Photo of author

By Hills Post

सोलन: जिला पुलिस की एसआईयू टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर माड़ो-मटकंडा स्थित मानसरोवर ढाबे पर अचानक दबिश दी। इस दौरान ढाबे के भीतर मौजूद दो संदिग्ध युवकों को काबू कर उनकी तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से पुलिस ने 6.80 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और प्रॉक्सीको स्पास्ज़ के 28 प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए।

आरोपियों की पहचान तुषार चौहान आयु 35 वर्ष, पुत्र श्री पुरुषोत्तम दास, निवासी गांव खांगटा, डाकघर एवं तहसील टिक्कर, जिला शिमला, व ऋतिक आयु 23 वर्ष, पुत्र स्वर्गीय श्री जय प्रकाश, निवासी गांव दरोटी, डाकघर एवं तहसील टिक्कर, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। इस मामले के संबंध में पुलिस थाना धर्मपुर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है।

मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। वर्तमान में पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से इस अवैध नेटवर्क और नशे की खेप के मुख्य स्त्रोत को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। अब तक की जांच में यह सामने आया है कि आरोपी तुषार चौहान के खिलाफ जिला शिमला के रोहडू थाना में पहले से ही 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 2 मामले मादक पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज हैं, जिनमें पूर्व में कुल 43 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 240 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, उसके विरुद्ध 1 मामला शस्त्र अधिनियम के तहत भी दर्ज है जिसमें उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ था, तथा 1 मामला मारपीट का भी दर्ज पाया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी ऋतिक के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी पुलिस द्वारा सघन जांच की जा रही है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस का अनुसंधान अभी जारी है।

Photo of author

Hills Post

हम उन लोगों और विषयों के बारे में लिखने और आवाज़ बुलंद करने का प्रयास करते हैं जिन्हे मुख्यधारा के मीडिया में कम प्राथमिकता मिलती है ।