नारग-सराहां मार्ग पर टिप्पर और बस की ज़ोरदार भिड़ंत, टला बड़ा हादसा

Photo of author

By पंकज जयसवाल

नाहन : सिरमौर ज़िले के पच्छाद क्षेत्र में नारग-सराहां मार्ग पर जड़ोल गांव के पास एक निजी बस और टिप्पर के बीच ज़ोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस नारग से सराहां की ओर जा रही थी और उसमें लगभग 20 से 25 सवारियां मौजूद थीं। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई गंभीर हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।

टक्कर इतनी तेज़ थी कि बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुँचा है। हादसे में बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर काफी देर तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची व्यवस्था द्वारा ट्रैफिक को खुलवाया गया और आवाजाही बहाल की गई।

राजगढ़ के डीएसपी विद्या चंद नेगी ने नारग-सराहां मार्ग पर जड़ोल गांव के पास हुई इस दुर्घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि, घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि रास्ता काफी तंग होने के कारण दोनों वाहनों को पास लेने में परेशानी आई होगी, जिससे यह भिड़ंत हुई।

Photo of author

पंकज जयसवाल

पंकज जयसवाल, हिल्स पोस्ट मीडिया में न्यूज़ रिपोर्टर के तौर पर खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 2 वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वह समाज सेवी संगठनों से जुड़े रहे हैं और हजारों युवाओं को कंप्यूटर की शिक्षा देने के साथ साथ रोजगार दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की है।